Bigg Boss 14: सपना चौधरी के बाद अब हरियाणा की सोनाली फोगाट की बिग बाॅस में एंट्री संभव
चंडीगढ़। Bigg Boss 14: हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी के बाद अब राज्य की तेज-तर्रार महिला भाजपा नेता सोनाली फोगाट टीवी के रियलिटी शो बिग बाॅस 14 (Bigg Boss14) में नजर आ सकती हैं। सोनाली फोगाट की गिनती दमदार भाजपा नेत्रियों में होती है। उन्होंने कुछ फिल्मों और धारावाहिकों में भी काम किया है। सोनाली फोगाट को वाइल्ड कार्ड के जरिये बिग बास में एंट्री मिलने की संभावना है।
सोनाली फोगाटकी वाइल्ड कार्ड के जरिये एंट्री संभव, भाजपा में खासी सक्रिय है
सोनाली फोगाट यदि बिग बॉस 14 (Bigg Boss 14) में नजर आईं तो वह हरियाणा की दूसरी महिला होंगी। उनसे पहले बिग बाॅस 11 में हरियाणवी डांसर सपना चौधरी अपना जलवा दिखा चुकी हैं। उस रियलिटी शो में सपना चौधरी और अर्शी खान के बीच जमकर बहसबाजी हुई थी। बिग बाॅस 12 की शुरुआत के दौरान सपना चौधरी स्पेशल गेस्ट बनकर गई थीं। उस समय उन्होंने फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के कहने पर शानदार डांस किया था।
सोनाली फोगाट की पहचान न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश में है। उन्होंने 2019 का विधानसभा चुनाव हिसार जिले की आदमपुर विधानसभा सीट से लड़ा था, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई से वह चुनाव हार गई थीं। चुनाव प्रचार के दौरान एक सभा में उन्होंने भारत माता की जय न बोलने वालों को पाकिस्तानी कहा था।
चुनाव हारने के बाद भी सोनाली राजनीति में सक्रिय रहीं। पिछले दिनों हिसार मार्केट कमेटी के सचिव सुल्तान सिंह की चप्पलों से पिटाई करने के एक मामले में सोनाली खासी चर्चित रहीं थी। उनका यह वीडियो खूब वायरल हुआ, लेकिन भाजपा सांसद संजय भाटिया के नेतृत्व वाली जांच कमेटी ने सोनाली फोगाट को क्लीन चिट दे दी थी।
सोनाली फोगाट शुरू से ही बड़ी अदाकारा बनने की चाहवान रही हैं। उनकी गिनती बोल्ड नेत्रियों में होती है। सोनाली फोगाट के प्रतिनिधि एडवोकेट सुधीर सांगवान के अनुसार, मैडम के बिग बास में एंट्री की चर्चाएं उनके पास भी आई हैं। हम भी चाहते हैं कि मैडम जाएं, लेकिन उनके पास अभी आधिकारिक रूप से कोई बुलावा नहीं आया है। हम बिग बाग और फिल्म अभिनेता सलमान खान के बुलावे के इंतजार में हैं। आधिकारिक बुलावे से पहले कुछ कहना जल्दबाजी होगी। दूसरी तरफ उनके एक अन्य प्रतिनिध राजेश राहड़ा ने किसी भी समय मैडम के बिग बास में एंट्री लेने का दावा किया है।
सोनाली के बारे में वह सब, जो आप जानना चाहेंगे
भाजपा महिला मोर्चा की वर्किंग कमेटी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और भाजपा महिला मोर्चा हिसार की वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोनाली फोगाट इंटरनेट मीडिया पर काफी चर्चित रही हैं। इंटरनेट मीडिया पर उनके फालोअर्स की भारी तादाद है। सोनाली मूल रूप फतेहाबाद जिले के गांव भूथान की रहने वाली हैं। उनके पिता किसानी करते हैं।
तीन बहन और एक भाई में सोनाली की शादी हिसार में रहते अपनी बहन के देवर संजय फोगाट से हुई थी। उनका देहावसान हो चुका है। उनकी एक बेटी है। सोनाली ने हिसार दूरदर्शन में भी काम किया है। टीवी धारावाहिक सीरियल ‘अम्मा’ में सोनाली ने नवाब शाह की पत्नी का रोल निभाया था। पिछले साल अपनी बहन और जीजा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी सोनाली खासी चर्चा में आई थी।
राखी सांवत से प्रभावित हैं सोनाली फोगाट
भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट बिग बाॅस 14 (Bigg Boss14) में चल रही गतिविधियों पर बारीकी से निगाह रखे हुए हैं। उनके फिलहाल मुंबई में ही होने की खबरें हैं। सोनाली बिग बाग के अभी तक के प्रतिभागियों में राखी सांवत को पसंद कर रही हैं और कहती हैं कि राखी दर्शकों का अच्छा मनरंजन कर रही हैं।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.