सूरत से कोलकाता जा रहा इंडिगो विमान का भोपाल में इमरजेंसी लैंडिंग, सभी 178 यात्री सुरक्षित
भोपाल। रविवार को गुजरात के सूरत से कोलकाता जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6-ई 357 में दोपहर करीब 11.45 बजे विमान के कॉकपिट से धुंआ निकलने लगा। इससे यात्री घबरा गए। चालक दल ने निकटतम एयरपोर्ट होने के कारण मध्य प्रदेश के भोपाल एयर ट्रैफिक कंट्रोल रूम (एटीसी) से संपर्क किया। एटीसी की अनुमति मिलते ही राजा भोज एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में 178 यात्री सवार थे।
उड़ते विमान में कॉकपिट से धुंआ उठता देख यात्री घबरा गए
एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक विमान के इंजन से असामान्य आवाज आ रही थी। उड़ते विमान में धुंआ उठता देख यात्री घबरा गए। पायलटों द्वारा तुरंत भोपाल एटीसी को पूरी स्थिति की जानकारी दी गई। एटीसी ने तत्काल इमरजेंसी लैंडिंग के प्रबंध कराए।
विमान कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच लैंड हुआ, चालक दल ने दिखाई सूझबूझ
दोपहर 12.10 बजे विमान कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच टैक्सी-वे के पास लैंड हुआ। विमान के चालक दल ने तकनीकी खराबी को देखते हुए सही समय पर सुरक्षित लैंडिंग की व्यवस्था कराई, इस कारण अनहोनी टल गई। विमान लैंड होने के बाद यात्रियों को बताया गया कि जल्द ही खराबी ठीक कर ली जाएगी। यात्रियों को अंदर ही बैठे रहने को कहा गया। इंडिगो के इंजीनियरों एवं तकनीकी टीम ने विमान की खराबी को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन इसमें विलंब होता गया।
नागपुर से आए विमान से रवाना हुए यात्री
कंपनी ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए नागपुर से दूसरा विमान बुलवाया। यह विमान शाम चार बजे भोपाल से कोलकाता के लिए रवाना हुआ। विमान आने तक यात्रियों को सिक्योरिटी होल्ड एरिया में स्वल्पाहार कराया गया। खराब हुए विमान को रन-वे के अंतिम छोर पर खड़ा किया गया। विमान को सुधारने के प्रयास देर रात तक जारी थे।
विमान में फ्लाइंग के दौरान आई तकनीकी खराबी
विमान में फ्लाइंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई थी। चालक दल ने सावधानी वश विमान को भोपाल में लैंड करने की अनुमति मांगी थी। सूचना मिलते ही हमनें सुरक्षित लैंडिंग के इंतजाम किए। यात्रियों को कोई दिक्कत नहीं हुई-अनिल विक्रम, डायरेक्टर, राजा भोज विमानतल, भोपाल।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.