कोरोना संक्रमित कांग्रेस नेता का निधन, पार्टी में शोक की लहर
भिंड: भिंड जिले के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष औऱ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शांति स्वरूप शाक्य का निधन हो गया। वे कोरोना संक्रमित थे। लेकिन उनकी दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। इसके बावजूद भी उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें तुरंत ग्वालियर के सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन से कांग्रेस में शोक की लहर है। भिंड जिले में कांग्रेस पार्टी के सभी प्रोग्राम 2 दिन के लिए स्थगित कर दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई को शाक्य की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें 11 जुलाई को भिंड से ग्वालियर के सुपर मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल रेफर कर दिया था। निमोनिया की वजह से उन्हें सांस लेने में परेशानी होने पर ऑक्सीजन लगी। हालांकि 21 जुलाई को उनकी दूसरी रिपोर्ट कोरोना नेगेटिव आई थी। लेकिन निमोनिया की वजह से उन्हें अस्पताल में ही भर्ती रखा गया था। 24 जुलाई को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उन्हें वेंटीलेटर पर लिया गया। 25 जुलाई की देर रात पूर्व नपाध्यक्ष का निधन हो गया। बताया जा रहा है कि पूर्व नपाध्यक्ष डॉ शांतिस्वरूप शाक्य शुगर और ब्लडप्रेशर के मरीज थे। गौरतलब है कि शाक्य भिंड नगर पालिका के अध्यक्ष रह चुके है और जिले में कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष थे।