क्या शाहरुख़ ख़ान के साथ एक बार फिर नज़र आएंगी दीपिका पादुकोण? जानें पूरा मामला
नई दिल्ली। दीपिका पादुकोण एक के बाद एक कई फ़िल्मों की घोषणा कर रही हैं। कबीर ख़ान की ’83’ में वह फीमेल लीड में नज़र आने वाली हैं। इसके अलावा हाल ही में उन्होंने प्रभास के साथ एक फ़िल्म साइन की है। इसकी घोषणा भी हो चुकी है। अब ख़बर सामने आ रही है कि ‘हैप्पी न्यू ईयर’ और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी मूवी के बाद एक बार फिर दीपिका और शाहरुख़ ख़ान की जोड़ी नज़र आने वाली है।
दरअसल चर्चा यह है कि शाहरुख़ ख़ान लंबे ब्रेक के बाद यश राज की फ़िल्म के साथ वापसी करने वाले हैं। बॉलीवुड हंगामा में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, पठान नाम की इस फ़िल्म में शाहरुख़ ख़ान के साथ दीपिका पादुकोण स्क्रीन शेयर करने वाली हैं। सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया है कि यह एक काफी भावात्मक रोल है। इस वज़ह से दीपिका ने पठान को साइन किया है। हालांकि, दीपिका या यश राज की ओर से कोई भी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इस रिपोर्ट के मुताबिक, यश राज फ़िल्म्स अपन 50वीं एनिवर्सरी अपनी फ़िल्म पठान को लॉन्च कर सकता है। शाहरुख़ ख़ान बतौर लीड एक्टर इस फ़िल्म को साइन भी कर चुके हैं। इसकी घोषणा अगले महीने तक की जा सकती है। गौरतलब है कि शाहरुख़ ख़ान लंबे समय से फ़िल्मों से दूरी बनाए रखे हुए हैं। वहीं, ख़बर यह भी है कि शाहरुख़ राजकुमार हिरानी के साथ भी एक फ़िल्म कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक कुछ आधिकारिक नहीं हुआ है।
वहीं, अगर दीपिका पादुकोण की बात करें, ’83’ और प्रभास की फ़िल्म के अलावा मधु मटेना के साथ माइथोलॉजिकल फ़िल्म कर रही हैं। इसमें वह द्रोपदी का किरदार निभा रही हैं। इसके 2021 तक रिलीज़ होने की संभावना हैं। इसके अलावा द इंटर्न की रीमेक में भी दीपिका पादुकोण के होने की चर्चा है। अब देखना है कि दर्शकों को कब दीपिका स्क्रीन पर देखने को मिलती हैं।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.