चेतन चौहान के निधन पर पीएम मोदी और अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने जताया दुख, जानिए किसने क्या कहा
नई दिल्ली। मशहूर क्रिकेटर और राजनीतिक हस्ती चेतन चौहान का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वो कोरोना से संक्रमित थे। चेतन चौहान के निधन पर क्रिकेट और राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है। उनके निधन पर पीएम मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि चेतन चौहान ने खुद को एक शानदार क्रिकेटर और बाद में एक मेहनती राजनीतिक नेता के रूप में प्रतिष्ठित किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक सेवा और भाजपा को मजबूत करने में प्रभावी योगदान दिया। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना है।
देश के गृह मंत्री अमित शाह ने शोक जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री व पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान ने अपने जीवन में पहले एक खिलाड़ी के रूप में और बाद में एक जनसेवक के रूप में देश की सेवा की। उनका निधन भारतीय राजनीति और क्रिकेट के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के निधन के समाचार से बहुत दुख हुआ। वे बेहतरीन क्रिकेटर, जमीन से जुड़े राजनेता और उत्कृष्ट सांसद थे। उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं हैं।
चेतन चौहान के निधन पर उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने शोक व्यक्त करते हुए ट्विटर पर लिखा कि पूर्व क्रिकेटर और यूपी के मंत्री चेतन चौहान के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने भारतीय क्रिकेट में बहुत बड़ा योगदान दिया और दो बार संसद सदस्य के रूप में भी कार्य किया। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्विटर पर लिखा उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुःख पहुँचा है। अपनी राजनीतिक पारी के दौरान उन्होंने हमेशा जमीन और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया। वे एक नेकदिल और भले व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनायें हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, मंत्रिमंडल में मेरे सहयोगी चेतन चौहान के असामयिक निधन का व्यथित कर देने वाला समाचार प्राप्त हुआ। प्रभु श्री राम उनके परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति एवं दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।
चेतन चौहान के निधन पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी दुख व्यक्त किया है। उनके निधन की खबर पर केजरीवाल ने कहा ‘God bless his soul.’
चेतन चौहान के निधन पर केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनके निधन से दुखी हूं। उन्होंने शानदार क्रिकेट खेला और टी-20 विश्व कप की मेजबानी के लिए दिल्ली को तैयार करने में विशेष योगदान दिया। अपनी दूसरी राजनीतिक पारी में उन्होंने सार्वजनिक सेवा में बहुमूल्य योगदान दिया। उनके परिवार के प्रति ईमानदार संवेदना है।
गौरतलब है कि चेतन चौहान भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाई। चेतन चौहान भारतीय जनता पार्टी से लोकसभा सांसद भी रहे। 1991 और 1998 के चुनाव में वह भाजपा के टिकट अमरोहा से सांसद बने थे। चेतन चौहान अभी अमरोहा जिले की नौगांवा सादात विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री थे।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.